रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के करीब पांच महीने बाद राजधानी में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने चाकूबाजी, लूट और अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने एनडीपीएस मामलों की जांच में तेजी लाने और ड्रग्स नेटवर्क पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
डीसीपी सेंट्रल उमेश गुप्ता ने बताया कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अपराध नियंत्रण और त्वरित रिस्पॉन्स में सुधार हुआ है। साथ ही साइबर क्राइम, चिटफंड, महिला अपराध और नशे से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर जोर दिया गया।

