रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के साथ 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी संजीव शुक्ला को शहर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज के पद पर कार्यरत थे।
जारी आदेश के अनुसार रामगोपाल गर्ग (IPS-2007) को पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज बनाया गया है। वहीं अभिषेक शांडिल्य (IPS-2007) को राजनांदगांव रेंज से पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बालाजी राव सोमावर (IPS-2007), जो अब तक पुलिस मुख्यालय रायपुर में कानून व्यवस्था संभाल रहे थे, उन्हें पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा अमित तुकाराम कांबले (IPS-2009) को कांकेर से अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, रायपुर नगरीय पदस्थ किया गया है। लाल उमेद सिंह (IPS-2011) को रायपुर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर और शशि मोहन सिंह (IPS-2012) को जशपुर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ बनाया गया है। दिव्यांग पटेल (IPS-2014) को रायगढ़ से पुलिस अधीक्षक, रेल रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
कमिश्नरी प्रणाली के तहत रायपुर नगरीय क्षेत्र में पुलिस उपायुक्तों की भी नियुक्ति की गई है। उमेश प्रसाद गुप्ता (IPS-2020) को पुलिस उपायुक्त (मध्य), संदीप पटेल (IPS-2020) को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) और मयंक गुर्जर (IPS-2020) को पुलिस उपायुक्त (उत्तर), रायपुर नगरीय बनाया गया है।
इसके साथ ही विकास कुमार (IPS-2020) को पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल) और राजनाला स्मृतिक (IPS-2020) को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर), रायपुर नगरीय नियुक्त किया गया है। श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को पुलिस अधीक्षक, रेल रायपुर से हटाकर पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण बनाया गया है, जबकि इंदु अग्रवाल (IPS-2022) को नगर पुलिस अधीक्षक, आजाद चौक से पुलिस सहायक आयुक्त, आजाद चौक, रायपुर नगरीय पदस्थ किया गया है।