Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

उरकुरा में किराए के मकान से 5 लाख की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। उरकुरा क्षेत्र स्थित किराए के मकान से हुई 5 लाख रुपये की नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पूरी राशि बरामद कर ली गई है।

मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी विजय कुमार सारथी (35), जो हर्षित विहार उरकुरा में किराए से रहता है, ने पुलिस को बताया कि उसने दो माह पहले शक्ति जिले में स्थित अपने पैतृक मकान को 38 लाख रुपये में बेचा था। उसी में से 5 लाख रुपये उसने 5 दिसंबर को अपने किराए के घर में टिना की पेटी में रखे थे। 8 दिसंबर की सुबह पेटी चेक करने पर वह राशि गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने धारा 331(4) और 305(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। लगातार पतासाजी और प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ के बाद पुलिस का संदेह अनिल कश्यप पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने उसके कब्जे से पूरे 5,00,000 रुपये बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी अनिल कश्यप (19) सक्ती जिले के ग्राम अरेठीकला का निवासी है।

Exit mobile version