रायपुर पुलिस सख्त: ई-चालान नहीं भरने पर परिवहन सेवाएं होंगी बाधित

Raipur News | रायपुर.पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को आईटीएमएस कंट्रोल रूम एवं कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खराब कैमरों को जल्द दुरुस्त करने और ट्रैफिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।डॉ. शुक्ला ने स्पष्ट किया कि वसूली के आरोपों से बचने के लिए अब केवल आईटीएमएस कैमरों व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से ई-चालान जारी किए जाएं। ई-चालान की सूचना वाहन मालिक को मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से अनिवार्य रूप से भेजी जाए।

उन्होंने कहा कि यदि 90 दिन के भीतर ई-चालान की राशि जमा नहीं की गई तो परिवहन से जुड़ी सेवाएं बाधित की जाएंगी और मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। कोर्ट में केस भेजने से पहले वाहन मालिक को नोटिस देना भी अनिवार्य होगा।

पुलिस कमिश्नर ने परिवहन विभाग से समन्वय कर ई-चालान सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए। जुर्माना जमा होने तक वाहन पंजीयन, लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र से जुड़ी सेवाएं रोकी जाएंगी।

उन्होंने नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए मौके पर एल्कोमीटर से जांच कर चालान न्यायालय भेजने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसीपी ट्रैफिक गुरजीत सिंह, सतीश ठाकुर, ट्रैफिक मुख्यालय प्रभारी टीकेलाल भोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

More From Author