रायपुर। दीपावली और धनतेरस के त्योहारी सीजन में राजधानी रायपुर के प्रमुख बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। बाजारों में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। वहीं, भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। नो-पार्किंग जोन में खड़े और यातायात बाधित करने वाले 100 से अधिक वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया है।
प्रमुख बाजारों में पुलिस की निगरानी
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सदर बाजार, गोल बाजार, मालवीय रोड, जयस्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव समेत प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधिकारी और जवान लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और व्यापारियों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर कार्रवाई
सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने और आवागमन में बाधा डालने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही क्रेन की मदद से ऐसे वाहनों को हटाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य बाजारों की सड़कों और संकरे रास्तों को यातायात के लिए बाधामुक्त रखना है।
निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने की अपील
त्योहारी भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन से हवाई निगरानी भी की जा रही है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क पर बनी सफेद पट्टी के भीतर पार्किंग करें और नो-पार्किंग जोन या संकरे रास्तों में वाहन खड़ा करने से बचें। पुलिस ने सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है।

