Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर के निजी प्री-स्कूल में मासूम बच्चों से अमानवीय व्यवहार, स्टाफ पर FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर के हीरापुर रोड स्थित मोहबा बाजार में संचालित निजी स्कूल फास्ट क्राई इंटेलाइटोटस प्री-स्कूल एवं डे-केयर में मासूम बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गणतंत्र दिवस थीम पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं आने वाले बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया।

इतना ही नहीं, स्कूल स्टाफ द्वारा की गई कथित मारपीट में एक तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि स्टाफ द्वारा जोर से धक्का दिए जाने से बच्ची का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में सूजन आ गई। घायल बच्ची को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित बच्ची की मां, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, की शिकायत पर आमानाका पुलिस ने स्कूल स्टाफ के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 125 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में स्कूल की आया माधुरी को बच्ची के साथ मारपीट और प्रताड़ना का आरोपी बनाया गया है, जबकि अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

एफआईआर के अनुसार, 23 जनवरी को बसंत पंचमी के दिन टोडलर क्लास में पढ़ने वाली बच्ची को उसकी मां स्कूल छोड़ने गई थीं। टिफिन देने के बाद मां ने आया से बच्ची का मुंह धुलवाने को कहा। कुछ देर बाद बच्ची तेज रोते हुए लौटी। इस पर आया ने हेयरबैंड गिरने की बात कही, लेकिन बच्ची के सिर में स्पष्ट सूजन दिखाई दे रही थी। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर सामने आया कि बच्ची का सिर जानबूझकर दीवार से टकराया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बच्ची ने घर जाकर बताया कि स्कूल में उसके साथ रोजाना इस तरह का व्यवहार किया जाता है, जिसमें हाथ, पैर या सिर किसी न किसी चीज से टकराया जाता है। वहीं अन्य अभिभावकों ने भी आरोप लगाए हैं कि 19 जनवरी को 26 जनवरी की थीम पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूनिफॉर्म में नहीं पहुंचे बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया, जबकि अन्य बच्चों को मैदान में कार्यक्रम में शामिल किया गया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अभिभावकों को नहीं दी गई थी।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version