रायपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ ‘स्वस्थ वेटिंग लाउंज’, यात्रियों को मिलेंगी हेल्थ सुविधाएं

रायपुर। यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने एक नई पहल शुरू की है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार ‘स्वस्थ वेटिंग लाउंज’ की शुरुआत की गई है। यह सुविधा भारतीय रेलवे की NINFRIS (New, Innovative Non-Fare Revenue Ideas Scheme) के तहत विकसित की गई है।

स्वस्थ वेटिंग लाउंज में यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान योग और मेडिटेशन, मिनी फिटनेस कॉर्नर, लाइट एक्सरसाइज उपकरण, आरामदायक सोफा और मसाज चेयर जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा वजन और ब्लड प्रेशर जांच, अलग-अलग बाथरूम, मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग, लाइव ट्रेन जानकारी डिस्प्ले और फ्री हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर शुल्क आधारित एंबुलेंस सेवा भी दी जाएगी।

लाउंज में मिलेट्स आधारित हेल्दी फूड और पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे, जो एफएसएसएआई मानकों के अनुरूप होंगे। रेलवे प्रशासन ने लाउंज उपयोग के लिए न्यूनतम शुल्क तय किया है, जिससे यात्रियों को किफायती दरों पर आराम और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से यात्रियों का इंतजार अधिक आरामदायक होगा और वे मानसिक व शारीरिक रूप से तरोताजा होकर यात्रा कर सकेंगे। भविष्य में अन्य स्टेशनों पर भी ऐसी सुविधा शुरू करने की योजना है।

You May Also Like

More From Author