रायपुर। देश के विभिन्न हिस्सों में कोविड-19 के मामलों में अचानक बढ़ोतरी ने चिंता बढ़ा दी है, और अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी एक कोरोना पॉज़िटिव मरीज सामने आया है। संक्रमित मरीज की पुष्टि कोरोना कंट्रोल एवं डिमांड सेंटर के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. खेमराज सोनवानी ने की है, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताया गया है कि मरीज लक्ष्मीनगर, पचपेड़ी नाका क्षेत्र का निवासी है, जो सर्दी-खांसी की शिकायत लेकर MMI नारायणा हॉस्पिटल पहुंचा था। डॉक्टरों को लक्षणों के आधार पर कोरोना की आशंका हुई, जिसके बाद सैंपल लिया गया और रिपोर्ट पॉज़िटिव आई। मरीज को तुरंत अस्पताल के सिंगल वार्ड में आइसोलेट कर कोरोना प्रोटोकॉल के तहत विशेष निगरानी में इलाज शुरू कर दिया गया है।
अस्पताल प्रबंधन ने भी मरीज के संक्रमित होने की पुष्टि की है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिजनों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मरीज के हाल में संपर्क में आए लोगों की ट्रैकिंग व स्क्रीनिंग का काम भी तेजी से चल रहा है।
सबसे गंभीर चिंता की बात यह है कि मरीज ने हाल ही में किसी अन्य राज्य की यात्रा नहीं की है। इससे संक्रमण के स्थानीय प्रसार (Local Transmission) की आशंका गहरा गई है। राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से सतर्क रहने, भीड़-भाड़ से बचने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।
सावधानी ही बचाव:
- सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करें
- हाथों को बार-बार सैनिटाइज़ करें या धोएं
- भीड़भाड़ से बचें
- लक्षण दिखने पर बिना देरी डॉक्टर से संपर्क करें