स्मार्ट रोड निर्माण में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी का अनुबंध निरस्त

रायपुर स्मार्ट सिटी के अंतर्गत लाखेनगर चौक से बूढ़ेश्वर चौक तक स्मार्ट रोड निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब, कार्य की धीमी गति और मानक स्तर की गुणवत्ता न पाए जाने पर कार्य एजेंसी का अनुबंध निरस्त कर दिया गया है। मेसर्स मोहम्मद फारूक वारसी जे.वी. एवं मेसर्स राजपाल कंस्ट्रक्शन को तत्काल कार्य स्थल खाली कर स्मार्ट सिटी को हैंड ओवर करने का निर्देश दिया गया है।

कार्य एजेंसी को 31 मार्च 2022 को कार्यादेश सौंपकर लाखेनगर चौक से बूढ़ेश्वर चौक तक स्मार्ट रोड निर्माण की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन एजेंसी ने 6 नोटिस दिए जाने के बाद भी न तो वर्क शिड्यूल जमा किया और न ही कार्य की गति बढ़ाने के लिए कोई प्रयास किए। इसके अलावा, एजेंसी ने अकारण काम बंद कर दिया, निर्माण एवं विध्वंस सामग्री कार्य स्थल पर छोड़ दी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हुई और यातायात बाधित हुआ। इसके साथ ही, स्ट्रीट लाइट पोल लगाने की जिम्मेदारी भी इसी एजेंसी को दी गई थी, लेकिन इस कार्य में भी एजेंसी अत्यंत धीमी रही।

रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तकनीकी अमले ने अपने स्थल निरीक्षण में भी कार्य एजेंसी के तकनीकी कर्मचारियों की अनुपस्थिति और कार्य की गुणवत्ता में कमी पाई। इसके बावजूद एजेंसी ने सुधार नहीं किया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्रबंध संचालक अबिनाश मिश्रा ने मेसर्स मोहम्मद फारूक वारसी जे.वी., मेसर्स राजपाल कंस्ट्रक्शन का अनुबंध समाप्त कर दिया है और उन्हें तत्काल कार्य स्थल खाली कर विभाग को हैंड ओवर करने का आदेश जारी किया है।

You May Also Like

More From Author