रायपुर। रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा मेसर्स एमएमआर इनोवेशन्स प्राइवेट लिमिटेड, जुबली हिल्स (हैदराबाद) को बूढ़ातालाब (स्वामी विवेकानंद सरोवर) में म्यूजिकल फाउंटेन की प्रदाय, स्थापना, संचालन और संधारण का कार्य सौंपा गया था। लेकिन हाल ही में हुए स्थल निरीक्षण में यह पाया गया कि म्यूजिकल फाउंटेन बंद है और संचालित नहीं हो रहा है।5 दिसंबर 2025 को रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने बूढ़ातालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फाउंटेन बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि अनुबंध की शर्तों के तहत म्यूजिकल फाउंटेन का नियमित संचालन और संधारण करना एजेंसी की जिम्मेदारी है, लेकिन फाउंटेन का बंद होना इन शर्तों के उल्लंघन को दर्शाता है।
महापौर मीनल चौबे और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक एवं नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर मुख्य परिचालन अधिकारी ऋचा चंद्राकर ने एजेंसी को नोटिस जारी कर तत्काल फाउंटेन चालू करने और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न होती है, तो अनुबंध निरस्त करने और परफॉर्मेंस गारंटी राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एजेंसी की होगी।