Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर में खेल सुविधाओं की बदहाली, स्विमिंग पूल बंद होने से बच्चे नदी में अभ्यास को मजबूर

रायपुर। राजधानी रायपुर में खेल सुविधाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। खारुन नदी में महादेव घाट के पास बने गहरे एनीकट में बच्चे जान जोखिम में डालकर तैराकी का अभ्यास कर रहे हैं। यह इलाका पहले ही खतरनाक और संवेदनशील घोषित किया जा चुका है, बावजूद इसके यहां प्रैक्टिस कराई जा रही है।

महादेव घाट के पास नगर निगम का फिल्टर प्लांट भी है, जहां पहले डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं और चेतावनी बोर्ड भी लगे हैं। इसके बावजूद ट्राइबल गेम्स और आगामी प्रतियोगिताओं को देखते हुए बच्चों को नदी में अभ्यास करना पड़ रहा है, क्योंकि नगर निगम का स्विमिंग पूल मेंटेनेंस के चलते बंद है।

कोच का कहना है कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता नजदीक होने के कारण बच्चों को मजबूरी में नदी में लाया गया है। वहीं अभिभावकों ने हालात को बेहद खतरनाक बताते हुए चिंता जताई है। उनका कहना है कि नदी में बहाव तेज है, पानी गंदा है और पत्थरों व जालों से खतरा बना रहता है। बच्चों ने भी माना कि यहां डर लगता है, लेकिन विकल्प नहीं है।

स्विमिंग पूल कर्मचारियों के अनुसार 22 दिसंबर से मेंटेनेंस कार्य चल रहा है और कई काम अभी बाकी हैं। इस पूल पर रोजाना 500 से 700 बच्चे निर्भर हैं। महापौर मीनल चौबे ने कहा है कि मेंटेनेंस कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।

Exit mobile version