रायपुर। राजधानी रायपुर में अत्याधुनिक स्पेस लैब की स्थापना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। इसकी जानकारी रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने फेसबुक पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर रायपुर में स्पेस लैब स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर डॉ. नारायणन ने पत्र जारी कर स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यह लैब प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराने वाला ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को यह सुविधा बहुत जल्द मिलने वाली है और यह भाजपा की डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने लोकसभा में नियम 377 के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देशभर में ऐसे स्पेस इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने का विशेष आग्रह रखा है, ताकि हर बच्चे तक अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक व नवाचार की समान पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब नई पीढ़ी विज्ञान, अनुसंधान और तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगी। छत्तीसगढ़ से शुरू हुई यह पहल अब राष्ट्रीय अभियान का रूप ले रही है—यही नया भारत है, यही प्रधानमंत्री मोदी का विज़न है और यही हमारी अटूट प्रतिबद्धता।