रायपुर। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने वाले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। देशभर से आने वाले 1069 खिलाड़ी और अधिकारी शहर के 7 होटलों में ठहरेंगे, जिनके लिए वीआईपी रोड और आसपास विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इस आयोजन में स्विमिंग, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तीरंदाजी जैसी प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें केवल जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। छत्तीसगढ़ से करीब 200 खिलाड़ी भाग लेंगे, वहीं पहली बार लद्दाख की टीम भी शामिल होगी।
खिलाड़ियों का रायपुर पहुंचना शुरू हो चुका है। अरुणाचल प्रदेश की वेटलिफ्टिंग टीम 22 मार्च को पहुंची, जबकि अन्य टीमें 24 मार्च तक पहुंच जाएंगी। रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।
10 दिन तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन 25 मार्च को रायपुर में होगा, जबकि समापन अंबिकापुर में होने की संभावना है। यह इस साल राजधानी में स्कूल नेशनल के बाद दूसरा बड़ा खेल आयोजन है।