Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, जांच में 51 वाहन चालक पकड़े गए

रायपुर। सड़क हादसों पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। 30 अगस्त की रात शहर के 9 प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की गई।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई। इस दौरान 51 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले, जिनमें 44 कार, 4 टाटा एस पिकअप, 2 ट्रक/टैंकर और एक बस शामिल है।

पुलिस ने सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की। यातायात पुलिस के अनुसार, 2026 में अब तक ड्रिंक एंड ड्राइव के 3,957 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने से चालक की प्रतिक्रिया और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने लोगों से अपील की है कि शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
:::

Exit mobile version