रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन-4 में महापौर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों के कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
आकाश तिवारी ने अपने वार्ड में जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने समस्या को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया और गलत जानकारी प्रस्तुत की। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि वार्डों की जमीनी समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह होकर काम करना होगा।

