Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

लाखे नगर चौक में फिर खुले पंडाल के दरवाज़े, श्रद्धालु कर सकेंगे गणेश दर्शन

रायपुर। राजधानी रायपुर के लाखे नगर चौक स्थित पलक झपकाने वाले भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन एक बार फिर से श्रद्धालुओं के लिए शुरू हो गए हैं। बीते दिनों विवाद के चलते पंडाल को बंद कर दिया गया था, लेकिन बुधवार रात (5 सितंबर) को करीब 11 बजे प्रतिमा के पर्दे खोले गए। इस मौके पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी पहुंचे और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। समिति ने जानकारी दी कि अब आज शाम 5 बजे से निरंतर दर्शन की व्यवस्था रहेगी।

विवाद के चलते बंद हुआ था पंडाल

दरअसल, 4 सितंबर की रात पंडाल में अश्लील और फिल्मी गाने बजाने तथा उस पर डांस किए जाने के बाद माहौल बिगड़ गया था। यह आयोजन सिंधु युवा एकता गणेश उत्सव समिति की ओर से किया गया था। घटना पर बजरंग दल ने कड़ी आपत्ति जताई और देर रात भारी प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि न केवल अशोभनीय गाने बजाए गए, बल्कि प्रतिमा के स्वरूप के साथ भी छेड़छाड़ की गई है। इसी के चलते पंडाल की लाइट बंद कर प्रतिमा को ढक दिया गया था।

मूल स्वरूप में प्रतिमा की पुनः स्थापना

बजरंग दल की आपत्ति के बाद समिति से यह मांग की गई थी कि प्रतिमा को उसके मूल स्वरूप में स्थापित किया जाए। इसके बाद बुधवार रात समिति ने पंडाल दोबारा खोला और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रतिमा के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए शुरू कर दिए।

Exit mobile version