राजनांदगांव। जिले में डिजिटल अरेस्ट और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करीब दो करोड़ रुपए की ठगी के दो अलग-अलग मामलों में साइबर सेल और थाना कोतवाली की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम और मध्य प्रदेश के सिहोर व इंदौर से कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डिजिटल अरेस्ट के मामले में साइबर ठगों ने खुद को फर्जी सीबीआई अधिकारी और जज बताकर एक बुजुर्ग महिला को मनी लॉन्ड्रिंग में फंसने का डर दिखाया और वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ करते हुए 79,69,047 रुपए हड़प लिए।
शेयर ट्रेडिंग ठगी के मामले में एक युवा व्यापारी को फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजकर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया और उससे 1,21,53,590 रुपए की ठगी की गई।गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश निवासी धीरज सिंह (34), अरविंद्र ठाकुर (30), डिंपल सिंह यादव (22) और हरियाणा के राधेश्याम शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार-पैन कार्ड सहित 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।साथ ही म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और ठगी की रकम निकालने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।