रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के ग्राम पटेवा में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC 2.0) स्थापित करने को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। परियोजना पर करीब ₹432.08 करोड़ खर्च होंगे, जिसमें केंद्र सरकार ने ₹210.56 करोड़ की सहायता स्वीकृत की है।
करीब 306.56 एकड़ में विकसित होने वाले इस क्लस्टर से ₹3,000 करोड़ से अधिक निवेश और लगभग 9,000 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन और स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की चार कंपनियों ने करीब ₹365 करोड़ के प्रारंभिक निवेश में रुचि दिखाई है।
परियोजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) करेगा। यहां औद्योगिक भूखंड, रेडी-बिल्ट फैक्ट्री, बिजली-पानी, वेयरहाउस समेत आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह नवा रायपुर के बाद राज्य का दूसरा बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर होगा।

