राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने बिहार से नितिन नवीन को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। वर्तमान में वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं और उनकी उम्मीदवारी को भाजपा की अहम रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी इस पहली सूची में कुल 9 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। बता दें कि इस बार राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव होने हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में और नामों की घोषणा भी की जा सकती है।
पहली सूची के अनुसार, बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन को टिकट मिला है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार तथा पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया गया है।