रायपुर। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत द्वारा छत्तीसगढ़ के मंत्रियों पर लगाए गए आरोपों पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि महंत का बयान प्रदेश की जनता और लोकतंत्र का अपमान है। जनता ऐसे बयानों का जवाब चुनाव में दे चुकी है।
नेताम ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार की पहचान विकास नहीं, बल्कि कथित भ्रष्टाचार और घोटालों से रही है। उन्होंने कोयला, शराब और डीएमएफ घोटालों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम और नीट मुद्दे पर उन्होंने कहा कि शिक्षा के विषय का राजनीतिकरण किया जा रहा है। सरकार परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों पर कार्रवाई कर रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए भी सतर्क है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विपक्ष के हमलों को लेकर नेताम ने कहा कि ऐसे मुद्दों के जरिए जनता की सोच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के हितों और उनके बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है।

