Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए बढ़ी तारीख, मोबाइल एप से भी कर सकते हैं आवेदन

रायपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशनकार्ड नवीनीकरण का कार्य 15 अगस्त तक किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश में प्रचलित राशनकार्ड के नवीनीकरण और ई-केवायसी की प्रक्रिया जारी है। खाद्य विभाग के संचालक जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि प्रदेश के सभी श्रेणी के राशनकार्ड धारकों, जैसे कि अन्त्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निशक्तजन और एपीएल योजना के राशनकार्ड धारकों का नवीनीकरण 15 अगस्त तक अनिवार्य रूप से किया जाना है।

प्रदेश में लगभग 77 लाख राशनकार्ड धारक हैं, जिनमें से अब तक 70 लाख 26 हजार 106 राशनकार्ड धारकों का नवीनीकरण किया जा चुका है। नवीनीकरण के मामले में पहले पायदान पर बीजापुर जिला है, जहां 71,329 हितग्राहियों में से 71,109 ने नवीनीकरण कराया है। द्वितीय स्थान पर नारायणपुर जिला है, जहां 36,136 में से 35,790 हितग्राहियों ने और तृतीय स्थान पर सुकमा जिला है, जहां 78,703 हितग्राहियों में से लगभग 78 हजार ने अपना राशन कार्ड नवीनीकरण का कार्य करवाया है।

राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग ने एक नया मोबाइल एप तैयार किया है, जिसे प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से भी डाउनलोड करके नवीनीकरण कर सकते हैं। उचित मूल्य दुकान में जाकर भी ऑनलाइन माध्यम से अपना नवीनीकरण और ई-केवायसी का कार्य किया जा सकता है।

ई-केवायसी और नवीनीकरण की सुविधा निःशुल्क है। ई-केवायसी के लिए प्रत्येक हितग्राही का बायोमेट्रिक अद्यतन होना चाहिए। जिन सदस्यों का बाल आधार बना है, उन्हें पहले आधार सेवा केंद्र से अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराना होगा। इसके पश्चात् उचित मूल्य दुकान के ई-पॉस मशीन से ई-केवायसी कराया जा सकता है।

Exit mobile version