बिलासपुर। तखतपुर ब्लॉक में शासकीय उचित मूल्य की कई राशन दुकानें लंबे समय से अटैचमेंट व्यवस्था के तहत संचालित हो रही हैं। जानकारी के अनुसार दो दर्जन से ज्यादा दुकानों की जिम्मेदारी ऐसे विक्रेताओं के पास है, जो संबंधित पंचायत से करीब 15 से 20 किलोमीटर दूर से आकर राशन वितरण करते हैं।
बताया जा रहा है कि पूर्व खाद्य निरीक्षक के कार्यकाल में करीब 42 राशन दुकानों को दूसरे ग्राम पंचायतों के विक्रेताओं से जोड़ा गया था। इसके बावजूद कई दुकानें अब तक इस व्यवस्था से बाहर नहीं आ सकी हैं।
दूर से आने वाले विक्रेताओं के कारण राशन वितरण की नियमितता को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार दुकान खुलने और विक्रेता के पहुंचने का इंतजार करना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के हितग्राहियों को परेशानी होती है।
कुछ मामलों में एक ही विक्रेता या समूह के पास एक से अधिक राशन दुकानों की जिम्मेदारी होने की बात भी सामने आई है। जनपद सदस्य मनहरण लाल कौशिक ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्थानीय पात्र समूहों को दुकानों की जिम्मेदारी देने की मांग की है।
वहीं, खाद्य निरीक्षक आशीष दीवान ने बताया कि अटैचमेंट में चल रही दुकानों को अन्य पात्र समूहों को आवंटित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए विज्ञापन जारी कर नियमानुसार नई आवंटन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

