दुर्ग में रिटायर्ड BSP अधिकारी से 37.50 लाख की ऑनलाइन ठगी, ज्यादा मुनाफे का दिया गया झांसा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के एक सेवानिवृत्त अधिकारी के साथ ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर रिटायर्ड अधिकारी से करीब 37 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। निवेश पर हर महीने 4 प्रतिशत लाभ देने का झांसा दिया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिसाली निवासी निरंजन प्रसाद ने फरवरी 2024 में फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें बैंक से ज्यादा रिटर्न देने का दावा किया जा रहा था। सेवानिवृत्ति के बाद मिली राशि को निवेश करने के उद्देश्य से उन्होंने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। फोन पर ठगों ने उन्हें निवेश करने पर प्रतिमाह 4 प्रतिशत लाभ मिलने का भरोसा दिलाया।

ठगों के झांसे में आकर निरंजन प्रसाद ने अलग-अलग चरणों में उनके बताए गए खातों में कुल 37.50 लाख रुपये जमा कर दिए। यह राशि पुणे, चेन्नई और बेंगलुरु सहित विभिन्न शहरों की अलग-अलग कंपनियों के नाम पर ट्रांसफर कराई गई। शुरुआत में कुछ समय तक उन्हें करीब चार प्रतिशत लाभांश भी मिला, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया।

हालांकि, चार महीने बाद अचानक लाभांश मिलना बंद हो गया। जब उन्होंने संबंधित लोगों से संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिलने लगे। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने नेवई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है, जहां शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

You May Also Like

More From Author