Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

राजस्व मंत्री का औचक निरीक्षण: लंबित मामलों पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने मंगलवार को रायपुर तहसील कार्यालय और नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व मामलों के निपटारे में देरी और लापरवाही पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, त्रुटि सुधार और डायवर्सन जैसे मामलों में धीमी प्रगति पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

मंत्री ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और फाइलों के अव्यवस्थित रखरखाव पर भी असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने आम जनता के लिए बेहतर सुविधाएं और व्यवस्थित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने को कहा। तहसील कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और न्यायालयों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने राजस्व कोर्ट में नियमित सुनवाई पर जोर दिया, ताकि लोगों को बार-बार तारीखों का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने बताया कि कुल 65,390 मामलों में से 64,702 का निराकरण किया जा चुका है और 688 मामले लंबित हैं। इस पर मंत्री ने सभी लंबित मामलों को जल्द से जल्द शून्य करने का लक्ष्य दिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आम नागरिकों से भी सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद संभाग आयुक्त कार्यालय में समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जिलों में राजस्व कार्यों की प्रगति का स्पष्ट रोडमैप तैयार करने और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Exit mobile version