Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

मुख्यमंत्री जनदर्शन में मिली शिकायत पर त्वरित कार्रवाई: जमीन हेराफेरी के आरोप में आरआई निलंबित

बिलासपुर में मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम में मिली एक शिकायत पर जिला प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तखतपुर तहसील के आरआई बेलपान सुरेश कुमार ठाकुर को निलंबित कर दिया है। सुरेश ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने सकरी तहसील के बेलमुंडी में पटवारी रहते हुए एक किसान की जमीन की हेराफेरी की थी।

पीड़ित किसान अरविंद कुमार शर्मा ने 8 अगस्त को आयोजित मुख्यमंत्री जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके पिताजी द्वारा बंटवारे के तहत उन्हें 3.92 हेक्टेयर जमीन मिली थी, जिसका पर्चा उनके नाम पर था। शर्मा ने बताया कि वे बिलासपुर में रहते हैं और गांव कम ही जाते हैं। वर्ष 2021 में पिताजी के निधन के बाद, पटवारी ने उनके छोटे भाई के साथ मिलकर उनकी जमीन उनके नाम से हटा दी।

स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद अरविंद कुमार शर्मा ने रायपुर में मुख्यमंत्री से जनदर्शन कार्यक्रम में मिलकर न्याय की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर अवनीश शरण ने मामले की जांच कराई। जांच में सुरेश कुमार ठाकुर को प्रारंभिक रूप से दोषी पाया गया, जिसके बाद कलेक्टर ने उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय भू अभिलेख शाखा बिलासपुर में रहेगा।

Exit mobile version