धान उठाव में गड़बड़ी, बिलासपुर में अमरनाथ एग्रो राइस मिल सील

बिलासपुर। धान उठाव में अनियमितता के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित अमरनाथ एग्रो प्रोडक्ट राइस मिल को सील कर दिया है। एसडीएम मनीष साहू के नेतृत्व में की गई जांच में मिल से करीब 54 हजार क्विंटल धान जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 16 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं, राइस मिल संचालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिल द्वारा 58,600 क्विंटल धान उठाया गया था, जबकि जांच में मौके पर 54,082.8 क्विंटल धान ही मिला। इस तरह 4,577.2 क्विंटल धान गायब पाया गया। इससे पहले भी प्रशासन ने दो राइस मिलों में कार्रवाई कर 46,257 क्विंटल धान जब्त किया था। खाद्य नियंत्रक के मुताबिक जिले में अब तक 56 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का धान जब्त किया जा चुका है।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत की गई जांच में छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश 2016 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर प्रशासन ने मिल को सील कर दिया है। धान की हेराफेरी को लेकर आगे की जांच जारी है।

You May Also Like

More From Author