कवर्धा.
जिले की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कांग्रेस नेता तुकाराम चन्द्रवंशी के खिलाफ तरेगांव थाने में एफआईआर दर्ज की गई। आरोप है कि उन्होंने साथियों के साथ निर्माणाधीन सड़क को गैती से उखाड़कर वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर शासन-प्रशासन की छवि धूमिल करने की कोशिश की।
ठेकेदार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की तकनीकी टीम ने मौके पर जांच की, जिसमें सड़क की गुणवत्ता सही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया गया कि कोयलारी से मूधिया पथरा तक करीब 2.1 किमी सड़क का निर्माण लगभग 1.65 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है।

