छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले के जनकपुर क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी के साथ हुई लूटपाट की घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत फैल गई है। घटना ग्राम माड़ीसरई के पास हुई, जहां हरचोका बाजार से लौट रहे व्यापारी को लुटेरों ने निशाना बनाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, व्यापारी जब अपने घर लौट रहा था, तभी लुटेरों ने उसे रास्ते में घेर लिया और उसके कंधे पर गोली मार दी। इसके बाद व्यापारी से लूटपाट कर लुटेरे मध्यप्रदेश की सीमा की ओर फरार हो गए।
भागते समय लुटेरों की गाड़ी एक बाइक से टकरा गई, जिससे वे घबरा गए और बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लुटेरों द्वारा छोड़ा गया देशी कट्टा और बाइक बरामद कर लिया है।

