रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं। रायपुर एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय और उनके गृह क्षेत्र बसना तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया।
महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ रूपकुमारी चौधरी का अभिनंदन किया। महासमुंद जिले में प्रवेश के बाद भी कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मीडिया से चर्चा के दौरान रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक व्यवस्था की खासियत है कि एक सामान्य कार्यकर्ता को भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। उन्होंने पंचायत स्तर से लेकर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक के अपने सफर का उल्लेख किया।
उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। संगठन के माध्यम से आने वाले समय में महिला भागीदारी को और मजबूत करने पर जोर रहेगा।

