रायपुर। गुढ़ियारी थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कथित दुर्व्यवहार और अभद्र व्यवहार के मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर रायपुर को पत्र सौंपा है। संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
साहू संघ के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को गुढ़ियारी थाने में थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार किया था। संघ ने घटना को गंभीर बताते हुए तत्काल जांच की मांग की है। संघ ने कहा कि नरेंद्र साहू पुलिस अधिकारी होने के साथ समाज के सम्मानित व्यक्ति भी हैं और उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर समाज में नाराजगी है।
संघ ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी पुलिस अधिकारी या नागरिक के साथ इस तरह की घटना न हो।
बताया गया है कि यह मामला गुढ़ियारी थाने में हुए एक विवाद से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, निर्धारित समय के बाद नियमों के विपरीत डीजे बजाने की कार्रवाई को रोकने और संबंधित व्यक्ति को छोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी पर थाना परिसर में विवाद और तोड़फोड़ करने तथा थाना प्रभारी के साथ दुर्व्यवहार का आरोप है। मामले में पुलिस ने शुभांकर द्विवेदी समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है।



