रायपुर। राजिम कुंभ कल्प 2026 की तैयारियों के बीच रायपुर के संत समाज ने शासन के राजपत्र से कई प्रतिष्ठित संतों के नाम हटाए जाने पर नाराजगी जताते हुए कुंभ के बहिष्कार का ऐलान किया है। सुरेश्वर महादेव पीठ में आयोजित प्रेस वार्ता में संतों ने इसे अपमानजनक निर्णय बताया।
संतों के अनुसार सूची से महंत देवदास महाराज, महंत वेद प्रकाश, संत निराहारी महाराज, किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर सौम्या मां सहित कई नाम हटाए गए हैं। आरोप लगाया गया कि शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हुआ।
संत समाज ने नाम जोड़ने–घटाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, मेला प्रभारी प्रताप पारख पर भी संतों से अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया गया।
इस दौरान डॉ. स्वामी राजेश्वरानंद ने संत समाज के समर्थन में सचिव पद से त्यागपत्र देने की घोषणा की। संतों ने स्पष्ट किया कि वे पद नहीं, सम्मान चाहते हैं और इसी कारण राजिम कुंभ कल्प से दूरी बना रहे हैं।

