सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जबकि 33 मजदूर घायल हुए हैं। घायलों में से 4 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अब तक 26 से अधिक घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में इलाज के दौरान एक और मजदूर की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़ गई।
हादसे के बाद वेदांता पावर प्लांट प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये और घायलों को 15 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने और मृतकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर भी सहमति बनी है।
कैसे हुआ हादसा
यह दुर्घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में हुई। अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
परिजनों का हंगामा
घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने एम्बुलेंस को रोककर घायलों की जानकारी देने की मांग की और जमकर नारेबाजी की। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 5 लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों के निःशुल्क और समुचित इलाज के निर्देश भी दिए गए हैं।

