छत्तीसगढ़: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा परिक्षेत्र में एक बड़े हाथियों के दल ने बगबंध गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने महुआ खाकर मदमस्त होकर ग्रामीणों के आवासों को ढहा दिया और एक बुजुर्ग दंपत्ति को घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 25 हाथियों का दल बीती रात बगबंध गांव पहुंचा। हाथियों ने गांव में घुसकर लोगों के घरों को तोड़ना शुरू कर दिया। एक घर में रखे महुआ को खाकर हाथी मदमस्त हो गए और घर को पूरी तरह से ढहा दिया। इस घटना में घर में सो रहे बुजुर्ग दंपत्ति चैतराम बारिहा और ननकी दाई घायल हो गए।
सूचना मिलने पर हाथी मित्र दल और रेंजर अजय सिंह की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने हाथियों को खदेड़ दिया और घायल दंपत्ति को उपचार के लिए बरमकेला अस्पताल में भर्ती कराया। उनका इलाज अभी भी जारी है।
वन विभाग ने पीड़ित परिवार को 5 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की है। वन अधिकारियों ने जंगल क्षेत्र से सटे गांवों के लोगों से अपील की है कि वे महुआ को घरों में न रखें, ताकि हाथियों से बचा जा सके।

