रायपुर। मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक और पटवारियों की टीम पर विवाद खड़ा कर सीमांकन कार्य रुकवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सरपंच समेत कई आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का अपराध दर्ज किया है। घटना 25 अगस्त की दोपहर गोढ़ी स्थित रिम्स अस्पताल के पास हुई।
पटवारी अंजन मिश्रा की शिकायत पर दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी गोपाल धीवर, मोनू बैस, डिकेश बैस सहित कुछ अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सीमांकन की कार्रवाई रोकने की कोशिश की। आरोपियों पर कानून-व्यवस्था भंग करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, राजस्व न्यायालय के आदेश पर भूमि सीमांकन के लिए तहसीलदार मंदिरहसौद की ओर से एक दल गठित किया गया था। इस टीम में आरआई आर.के. साहू, तुलसीराम बंजारे, भुवनेश्वर वर्मा और पटवारी अंजन कुमार मिश्रा, ओमप्रकाश देवांगन, रसानंद बारिक, राजीव पटेल, अजय चंदेल और वीणा वर्मा शामिल थे। इन्हें जमीन का सीमांकन कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया था।
दोपहर करीब एक बजे जब टीम गोढ़ी रिम्स अस्पताल के पास सीमांकन कर रही थी, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान पुलिस और तहसील प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। तहसीलदार विनोद साहू ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी।
पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

