बेमेतरा। आरंग से विधायक और सतनामी समाज के गुरु गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर शनिवार को बेमेतरा में अचानक हमला कर दिया गया। यह घटना उस समय हुई जब वे नवागढ़ में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर लौट रहे थे। भोईनाभांठा और रायपुर बायपास के बीच, कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उनकी कार पर पत्थरों से हमला किया, जिससे गाड़ी के सामने का शीशा टूट गया।
हमले के दौरान गुरु खुशवंत साहेब पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उनके पर्सनल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किसने और क्यों किया।
घटना के बाद विधायक बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू से विस्तार से बातचीत की और मामले की गंभीरता बताई। इस हमले ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और सतनामी समाज के लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।