रायपुर/गरियाबंद। विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गरियाबंद जिले में स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला सेनानी कार्यालय की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों की जांच कर सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।
जिले में पंजीकृत 75 स्कूल बसों में से 30 बसों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान फिटनेस, बीमा, परमिट, टैक्स और प्रदूषण प्रमाण-पत्र की जांच की गई। वहीं चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा अग्निशमन यंत्रों की जांच कर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान 45 स्कूल बसें निर्धारित स्थल पर अनुपस्थित मिलीं, जिनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन के लिए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

