Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बनाया नया रिकॉर्ड, 29,493 करोड़ का फ्रेट रेवेन्यू हासिल

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भारतीय रेलवे में अपनी शीर्ष स्थिति को एक बार फिर कायम रखा है। बेहतर प्रबंधन और कुशल संचालन के दम पर जोन ने वित्तीय वर्ष खत्म होने से 10 दिन पहले ही 21 मार्च तक 29,493.59 करोड़ रुपये का ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू अर्जित कर नया रिकॉर्ड बनाया है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल ढुलाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यह जोन भारतीय रेल में सबसे अधिक ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू अर्जित करने वाला जोन बनकर उभरा है, जिसका कुल माल राजस्व में 17.13% का योगदान रहा है। साथ ही पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.6% (करीब 1026 करोड़ रुपये) की वृद्धि भी दर्ज की गई है।

जोन ने 20 मार्च को मात्र 354 दिनों में अब तक का सर्वाधिक नेट टन किलोमीटर (NTKM) हासिल किया, जो पिछले साल की तुलना में 11 दिन पहले की उपलब्धि है। 22 मार्च तक 146.75 बिलियन एनटीकेएम का आंकड़ा पार कर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इस श्रेणी में भी देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 5.4 बिलियन एनटीकेएम (3.8%) की वृद्धि को दर्शाता है।

इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी जोन ने तेजी से काम किया है। कई महत्वपूर्ण रेल खंडों में तीसरी और चौथी लाइनों की कमीशनिंग से माल परिवहन अधिक सुगम और समयबद्ध हुआ है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में माल ढुलाई के साथ-साथ यात्रियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन कर यात्रियों को राहत दी गई।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता से जोन ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

Exit mobile version