बीजापुर, छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम ने बीजापुर जिले के थाना तर्रेम क्षेत्र अंतर्गत छुटवाई के जंगल से 7 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में दो इनामी माओवादी भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, जिले में चल रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान थाना तर्रेम क्षेत्र अंतर्गत छुटवाई के जंगल में डीआरजी, थाना तर्रेम और सीआरपीएफ कोबरा 210, 153 और एसटीएफ की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। टीम को जंगल में नक्सलियों की गतिविधि की सूचना मिली थी।
पुलिस को देखकर नक्सली जंगल में भागने और छिपने लगे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर 7 नक्सलियों को पकड़ लिया। पकड़े गए नक्सलियों में मिलिट्री प्लाटून नंबर 9 का एक सदस्य शामिल है, जिस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा, KAMS की अध्यक्ष, जिस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था, को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि सभी 7 नक्सली लंबे समय से माओवादी संगठन में सक्रिय रूप से कार्यरत थे। ये नक्सली क्षेत्र में मार्ग अवरुद्ध करने, IED ब्लास्ट करने, सड़कों को काटने, बैनर और पोस्टर लगाने जैसी घटनाओं में शामिल थे।
गिरफ्तार किए गए सभी नक्सलियों के खिलाफ थाना तर्रेम में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।