बीजापुर। जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनगा–पेद्दाकोरमा इलाके में सुरक्षा बलों ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। सोमवार को डीआरजी बीजापुर, थाना गंगालूर और बीडीएस की संयुक्त टीम क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।
अभियान के दौरान मुनगा रोड से कुछ दूरी पर स्थित पगडंडी मार्ग में माओवादियों द्वारा लगाया गया करीब 10 किलो वजनी IED बरामद किया गया। सूचना मिलते ही बीडीएस बीजापुर की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए IED को वहीं सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि की संभावना टल गई। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी है।