कांकेर। कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा और छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग के दौरान एक नक्सली डंप बरामद किया गया, जहां से हथियार, विस्फोटक और नक्सलियों के उपयोग की अन्य सामग्री जब्त की गई।
संयुक्त अभियान में पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम शामिल रही। ग्राम पल्लाहूर और जपमरका के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप से कंट्रीमेड बीजीएल लांचर, बीजीएल सेल, गन पाउडर, सुतली बम, नक्सली वर्दी, सोलर चार्जर, वायर, मेडिकल किट समेत बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
इसके अलावा छोटेबेठिया क्षेत्र में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान 3 नग 12 बोर रायफल, 1 बीजीएल लांचर, 6 बीजीएल सेल, 800 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 200 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बारूद और अन्य सामान जब्त किया गया।
यह कार्रवाई डीआरजी कांकेर, डीआरजी नारायणपुर, बीएसएफ और बीडीएस टीम के संयुक्त नेतृत्व में की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

