कांकेर में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, सर्च ऑपरेशन में आईईडी और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। जिले के कोयलीबेड़ा और परतापुर थाना क्षेत्रों में चलाए गए अलग-अलग सर्च ऑपरेशनों के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने कांकेर-नारायणपुर सीमा से लगे ग्राम गुमचूर के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया एक नक्सली डंप बरामद किया गया। डंप से नक्सल साहित्य के साथ 42 राउंड .303 रायफल कारतूस, 75 राउंड 7.62 एसएलआर कारतूस, 21 राउंड 5.56 रायफल कारतूस, दो एसएलआर मैगजीन फिलर और छह इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए गए।

इसी दिन ग्राम पदालमस्पी के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए एक अन्य अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक और नक्सली डंप का पता लगाया। यहां से एक देशी पिस्टल, लगभग दो किलोग्राम वजनी टिफिन आईईडी, पावर कंट्रोलर, वायर और बैटरी सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद आईईडी और विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया।

सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कांकेर और नारायणपुर के नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में भी इन क्षेत्रों से नक्सली वर्दी, विस्फोटक सामग्री और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों का कहना है कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

You May Also Like

More From Author