जगदलपुर। तेलंगाना के मुलुगु जिले के वाजेडू थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में छिपाया गया हथियार और विस्फोटक का डंप बरामद किया है। यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर पामुनुरु गांव के उत्तर में स्थित कराईगुट्टा पहाड़ियों के घने जंगल में संयुक्त अभियान के दौरान की गई।
बीती सुबह करीब 5:30 बजे सीआरपीएफ की 39वीं बटालियन, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDS) ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 8:30 बजे टीम को संदिग्ध स्थान पर माओवादी डंप मिला।
सुरक्षा बलों ने मौके से दो भरमार राइफल, 25 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन स्टिक, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, 12 वोल्ट बैटरी सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की। बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया। अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए।


