गरियाबंद के जंगल में नक्सलियों का डंप जखीरा बरामद, आईईडी और हथियार मिले

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सलमुक्ति की घोषणा के बाद भी सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। जंगलों में वर्षों से छिपाकर रखे गए नक्सलियों के हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री अब लगातार बरामद हो रही है। आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों की निशानदेही और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस एवं सुरक्षा बल ऐसे डंप स्थलों की पहचान कर कार्रवाई कर रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के डडईपानी जंगल में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप जखीरा बरामद किया।

बरामद सामग्री में 4 किलोग्राम का प्रेशर कुकर, 5 किलोग्राम का कुकर आईईडी, एक भरमार रायफल, रायफल की मैगजीन, यूबीजीएल (UBGL) राउंड तथा पटाखा सामग्री शामिल है। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, संभावित खतरे को देखते हुए आईईडी को जंगल में ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि क्षेत्र में सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि नक्सलियों के छिपे हुए हथियारों और विस्फोटकों को बरामद कर क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।

You May Also Like

More From Author