दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, तीन आईईडी समेत नक्सली सामग्री बरामद

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के घने जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने तीन आईईडी बरामद किए हैं। इसके अलावा नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, हथियारों से संबंधित सामान, नक्सली वर्दी और साहित्य भी जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए विस्फोटक, आधुनिक हथियार और अन्य सामग्री की तलाश के लिए सुरक्षा बल लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को मिली खुफिया सूचना के आधार पर सीआरपीएफ की 195वीं बटालियन और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने तोड़मा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

अभियान के दौरान जवानों को जंगल में कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया। जांच में दो प्रेशर कुकर आईईडी और एक पाइप बम बरामद हुआ। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तीनों विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।

सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार संबंधी उपकरण, वायरलेस सेट, डेटोनेटर, नक्सली वर्दी और प्रचार साहित्य भी बरामद किया गया। अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित अपने बेस कैंप लौट आए।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है। लगातार चल रहे अभियानों के चलते क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियां सीमित होती जा रही हैं।

You May Also Like

More From Author