जगदलपुर। सुरक्षा बलों की लगातार दबाव वाली कार्रवाई के बीच माओवादी संगठन के भीतर एक बार फिर बेचैनी के संकेत मिले हैं। ओडिशा से जुड़े माओवादी नेटवर्क में दरार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में एक सीनियर महिला माओवादी कैडर के संभावित आत्मसमर्पण की खबरों ने संगठन में हलचल मचा दी है।
सूत्रों के अनुसार, ओडिशा में सक्रिय स्पेशल जोनल कमेटी स्तर की महिला माओवादी नीतू अपने कुछ साथियों के साथ जगदलपुर पहुंची है। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुल चार माओवादी हैं, जिनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। इन सभी पर कुल मिलाकर करीब 55 लाख रुपये का इनाम घोषित है, जिसमें अकेले नीतू पर 40 लाख रुपये का इनाम बताया जा रहा है।
नीतू का संबंध माओवादी संगठन की केंद्रीय समिति से जुड़े गणेश उइके की टीम से रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों ने गणेश उइके को मुठभेड़ में मार गिराया था, जिसके बाद संगठन के भीतर असंतोष और भय का माहौल बनने की बात सामने आई है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि चारों माओवादी फिलहाल सीआरपीएफ के एक सुरक्षित कैंप में मौजूद हैं और उनकी एक तस्वीर सामने आने की भी चर्चाएं हैं। हालांकि इस पूरे मामले में सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बस्तर में इससे पहले भी कई बड़े माओवादी कैडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं। यदि यह खबर सही साबित होती है, तो इसे माओवादी संगठन के लिए एक और बड़ा झटका माना जाएगा। फिलहाल सभी की निगाहें आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।