रायपुर: पांच राज्यों के चुनाव नतीजों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं के ‘स्ट्राइक रेट’ पर टिप्पणी करते हुए पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने पार्टी पर निशाना साधा है।
डहरिया ने कहा कि असम और पुडुचेरी पहले से ही भाजपा के पास थे, जबकि पश्चिम बंगाल में हार ममता बनर्जी की हुई है, न कि कांग्रेस की। उन्होंने यह भी दावा किया कि तमिलनाडु में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा और विजय थलपति कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने की दिशा में हैं। वहीं केरल में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली है।
भाजपा द्वारा जारी उस पोस्टर पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि जहां-जहां भूपेश बघेल गए, वहां कांग्रेस को नुकसान हुआ। इस पर डहरिया ने कहा कि देशभर में वामपंथी दलों का सफाया हो चुका है और आने वाले चुनावों में भाजपा को सीटों के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस को ‘अर्बन नक्सली’ कहे जाने और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के समर्थन पर डहरिया ने कहा कि भाजपा और उसके नेता कई बार बिना सोचे-समझे बयान देते हैं। उनका कहना है कि आने वाले समय में भाजपा के लिए हालात उतने अनुकूल नहीं रहेंगे।
वहीं, भाजपा नेता पुरंदर मिश्रा के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को ‘श्राप’ देने की बात कही थी, डहरिया ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस पर ज्यादा टिप्पणी की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह पहले भी ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ की बात करते रहे हैं, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। डहरिया ने यह भी जोड़ा कि पुरंदर मिश्रा पहले कांग्रेस में ही थे और उनके विचार समय-समय पर बदलते रहते हैं।



