Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का किया उद्घाटन,बोले – राज्य विकास की नई ऊंचाइयों पर

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस पर ‘छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य अब माओवादी हिंसा से मुक्त होने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ सहित देश का हर कोना नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि नक्सलवाद के कारण दशकों तक विकास बाधित रहा, डॉक्टर-शिक्षकों पर हमले हुए और आदिवासी क्षेत्रों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब बिजली से लेकर इंटरनेट, गैस से लेकर सड़क नेटवर्क तक, सरकार ने मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले वर्षों में हजारों नक्सली मुख्य धारा में लौटे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क नेटवर्क 40 हजार किलोमीटर तक पहुंच चुका है, नए हाईवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं और इंडस्ट्रियल क्षमता बढ़ी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज बस्तर जैसे क्षेत्रों में डर के बजाय उत्सव और खेलों का माहौल है।

प्रधानमंत्री ने आदिवासी समाज के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि आदिवासी विरासत की सुरक्षा और पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए बड़े पैमाने पर योजनाएं लागू की जा रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। बीते 11 वर्षों में 4 करोड़ घर दिए गए और अब 3 करोड़ नए घर बन रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले 25 वर्ष छत्तीसगढ़ के विकास का नया अध्याय लिखेंगे और राज्य विकसित भारत के लक्ष्य में अहम भूमिका निभाएगा।

Exit mobile version