रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), GRP, चाइल्ड हेल्पलाइन और बचपन बचाओ आंदोलन (BBA) की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात रायपुर रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी का बड़ा मामला उजागर किया। टीम ने हावड़ा–मुंबई एक्सप्रेस में दबिश देकर 6 नाबालिग बच्चों को बचाया, जिन्हें हावड़ा से मुंबई ले जाया जा रहा था। बच्चों की उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच है और सभी कोलकाता के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने ट्रेन की एस-3 बोगी में जांच की, जहां से बच्चों को बरामद किया गया। मौके से एक आरोपी फिरोज अली मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चों को मुंबई के एक होटल में काम कराने के लिए ले जा रहा था।जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन की देखरेख में सुरक्षित रखा गया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में जीआरपी प्रभारी बी.एन. मिश्रा, आरपीएफ प्रभारी कर्मपाल सिंह गुर्जर, स्टेशन चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर विजय कुमार साहू, पंचराम धुर्वे, आशीष कुमार साकेत (BBA), RPF के उप निरीक्षक एजेड चौधरी, सउनि अरविंद सिंह और जीआरपी की प्रिया भारती का महत्वपूर्ण योगदान रहा।