भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह के ठिकानों पर स्टेट GST की टीम ने जांच शुरू की है। दुर्ग स्टेट GST की टीम ने हथखोज स्थित इंद्रजीत सिंह छोटू हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के परिसर में वाहनों के संचालन, कारोबार और GST रिकॉर्ड की पड़ताल की।
जानकारी के मुताबिक कंपनी के पास 1500 से अधिक ट्रक हैं। GST की एक टीम ने बलौदाबाजार स्थित कंपनी के यार्ड में भी जांच शुरू की है। दोनों स्थानों पर कारोबारी दस्तावेजों और वाहनों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
24 GST अधिकारी जांच में शामिल
कार्रवाई में करीब 24 GST अधिकारी शामिल हैं। दो टीमों का नेतृत्व उपायुक्त प्रभात सोनी और उपायुक्त संदीप यदु कर रहे हैं। टीम में निरीक्षक और राज्य कर अधिकारी भी शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
कौन हैं इंद्रजीत सिंह छोटू?
इंद्रजीत सिंह छोटू भिलाई के ट्रांसपोर्ट कारोबारी हैं। वे विभिन्न सामाजिक और खेल संगठनों से भी जुड़े हुए हैं और कई संस्थाओं में डायरेक्टर व अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

