इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति नियुक्ति पर विवाद, ABVP ने तत्काल रद्द करने की मांग की

रायपुर। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में हाल ही में नियुक्त की गई कुलपति प्रो. लवली शर्मा की नियुक्ति पर विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति को पत्र लिखकर इस नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है।

ABVP ने अपने पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रो. लवली शर्मा पूर्व में मध्यप्रदेश के राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर की कुलपति रह चुकी हैं। उनके कार्यकाल के दौरान उन पर भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगे थे, साथ ही छात्राओं के यौन शोषण से जुड़े मामलों की भी शिकायतें सामने आई थीं। इन आरोपों को संज्ञान में लेते हुए मध्यप्रदेश शासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए धारा 57 के तहत उनका कार्यकाल समाप्त कर दिया था।

छात्र संगठन का आरोप है कि इन सभी गंभीर मामलों के बावजूद छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रो. शर्मा को पुनः कुलपति के पद पर नियुक्त करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि विश्वविद्यालय की गरिमा और संचालन पर भी सवाल खड़े करता है। ABVP का यह भी कहना है कि प्रो. शर्मा ने कुलपति पद के लिए आवेदन करते समय इन तथ्यों को जानबूझकर छुपाया।

ABVP ने मांग की है कि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के सुचारू संचालन और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रो. लवली शर्मा की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।

You May Also Like

More From Author